धमतरी, । ग्रामीण युवाओं को सेना, पुलिस एवं अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने ग्राम कुंडेल में वीबी-जी रामजी योजनांतर्गत फिजिकल एजुकेशन ट्रेनिंग ग्राउंड (आर्मी ग्राउंड) विकसित किया जा रहा है। ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों और सेवारत जवानों के आर्थिक सहयोग एवं श्रमदान से आकार ले रही इस पहल का कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने निरीक्षण किया।
इस दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्यों का जायजा लिया और ग्रामीणों एवं सैनिकों से चर्चा कर मैदान के विकास की जानकारी ली। उन्होंने सामुदायिक सहभागिता से युवाओं के भविष्य को संवारने के इस प्रयास की सराहना की। कलेक्टर ने कहा कि सेना में चयन के लिए शारीरिक दक्षता, मानसिक मजबूती, अनुशासन और नियमित अभ्यास जरूरी है। यह मैदान ग्रामीण युवाओं को गांव में ही भर्ती की तैयारी का बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने युवाओं से निरंतर मेहनत, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को मैदान में दौड़, व्यायाम एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने तथा स्वच्छता और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम कुरूद-मगरलोड पीयूष तिवारी, जनपद पंचायत सीईओ रोहित बोरझा, जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीण तथा पूर्व एवं वर्तमान सैनिक उपस्थित थे।
0 Comments