कुरूद के छाती और देमार गांव में तीन प्रकरणों में राजस्व-मंडी विभाग की संयुक्त कार्रवाई
धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने कुरूद विकासखंड के ग्राम छाती और देमार में कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग प्रकरणों में 164 कट्टा (लगभग 66 क्विंटल) धान जब्त किया है।जानकारी के अनुसार, ग्राम छाती में व्यापारी केशव यदु की दुकान से 55 बोरी (21 क्विंटल) तथा दुष्यंत कुमार मेषपाल की दुकान से 15 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित मिलने पर जब्त किया गया। वहीं, ग्राम देमार में भखारा-धमतरी मार्ग पर बिना वैध दस्तावेज परिवहन करते 75 कट्टा (30 क्विंटल) धान पकड़ा गया। जब्त धान को नियमानुसार मंडी निरीक्षक धमतरी के सुपुर्द किया गया है।तीनों मामलों में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों, सीमावर्ती क्षेत्रों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और परिवहन मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई है। अधिकारियों को अवैध भंडारण, खरीदी-बिक्री और दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने की कोशिशों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसानों और व्यापारियों से भी धान के क्रय-विक्रय एवं परिवहन के दौरान वैध दस्तावेज रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
0 Comments