धमतरी। ग्राम भोयना स्थित ए.के. राइस इंडस्ट्रीज की दोनों इकाइयों से प्रशासन की संयुक्त टीम ने 32,878 क्विंटल धान और 1,425 क्विंटल चावल जब्त किया है। सोमवार को राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की टीम ने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर दोनों राइस मिलों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान फर्म संचालक अकील अहमद खान अनुपस्थित मिले। वहीं, मौके पर मौजूद मुंशी सोहेल रजा स्टॉक पंजी प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद भौतिक सत्यापन में 80 हजार कट्टा धान और 1,425 क्विंटल चावल पाए जाने पर संपूर्ण खाद्यान्न जब्त कर मुंशी की सुपुर्दगी में दिया गया।
अनुविभागीय अधिकारी डॉ. कल्पना ध्रुव ने बताया कि दोनों मिलों में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की कस्टम मिलिंग का चावल जमा करने का कार्य जारी है। स्टॉक पंजी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के तहत कार्रवाई की गई है।