धमतरी, । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और वास्तविक किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सभी धान खरीदी केन्द्रों में निगरानी समितियों का गठन किया है।
जारी निर्देशों के अनुसार समिति के सदस्य प्रतिदिन सुबह 9 से दोपहर 1.30 बजे तक केन्द्रों में उपस्थित रहकर खरीदी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। इस दौरान धान की गुणवत्ता, नमी, सही तौल और इलेक्ट्रॉनिक कांटों के सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शासन के निर्धारित मापदंड के अनुसार 17 प्रतिशत से अधिक नमी वाला धान खरीदी नहीं किया जाएगा।
कोचियों और बिचौलियों के माध्यम से धान बिक्री रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। अनियमितता मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। खरीदी केन्द्रों में प्रतिदिन किसानों से खरीदे गए धान की कृषकवार सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। साथ ही समर्थन मूल्य की दर भी बैनर के माध्यम से प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर बारदानों की उपलब्धता, धान का समयबद्ध परिवहन, किसानों की समस्याओं और भुगतान व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीदी प्रक्रिया में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
0 Comments