धमतरी। अर्जुनी थाना क्षेत्र के सांकरा मोड़ के पास राहगीर से मारपीट कर 10 हजार रुपये लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 3,700 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गातापार निवासी शीतल कुमार साहू (28) 13 नवंबर को मोटरसाइकिल से ग्राम भोथली जा रहे थे। दोपहर करीब 1:20 बजे सांकरा मोड़ स्थित जरही माता मंदिर के पास फल खरीदने रुके थे। इसी दौरान पल्सर सवार दो युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर 10 हजार रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड रखा पर्स लूट लिया और फरार हो गए।
शिकायत पर अर्जुनी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़ित द्वारा बताए गए बाइक नंबर और स्थानीय जानकारी के आधार पर ग्राम सांकरा निवासी नितिन साहू (25) और संदीप सोरी उर्फ विनय (18) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने वारदात स्वीकार की। आरोपियों ने लूट की रकम आपस में बांटने की बात बताई।
पुलिस ने नितिन के कब्जे से 2,450 रुपये और वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक तथा संदीप के कब्जे से 1,250 रुपये नकद जब्त किए। दोनों आरोपियों को 14 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।