धमतरी। मौसम के अचानक बदले मिजाज और लगातार दो दिनों से हो रही बेमौसम बारिश ने मगरलोड विकासखंड के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सालभर की मेहनत के बाद पककर तैयार हुई धान की फसल पर बारिश और तेज हवाओं की मार पड़ी है। मगरलोड क्षेत्र के चदना, भेन्डरी, करेलीबड़ी, मेघा, हरदी और बेलौदी सहित आसपास के गांवों में धान की फसल को नुकसान पहुंचने की खबर है।
कई खेतों में पककर तैयार धान की फसल बारिश और तेज हवाओं के कारण जमीन पर बिछ गई है। वहीं जिन किसानों ने कटाई कर धान खेतों या खलिहानों में रखा था, उनकी उपज भी बारिश में भीग गई है। खेतों में जलभराव के कारण धान की बालियों के सड़ने, दाने अंकुरित होने और गुणवत्ता खराब होने की आशंका बढ़ गई है।
किसानों का कहना है कि जिस समय फसल काटकर उपार्जन केंद्रों तक पहुंचाने की तैयारी थी, उसी समय बेमौसम बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब उन्हें न केवल फसल खराब होने की चिंता है, बल्कि खरीदी केंद्रों में नमी और गुणवत्ता के आधार पर धान अस्वीकृत होने का भी डर सता रहा है।
सर्वे कराकर तत्काल राहत देने की मांग
बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों ने शासन-प्रशासन से गांवों में तत्काल राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम भेजकर फसल नुकसान का सर्वे कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि नुकसान का सही आकलन कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा और राहत राशि दी जाए, ताकि आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों को कुछ राहत मिल सके।