धमतरी। ग्राम मुजगहन में पुरानी रंजिश को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस के अनुसार 21 अक्टूबर की रात करीब 10.20 बजे मेन रोड पर सुदामा साहू के घर के सामने दीपांशु साहू और विकास साहू के साथ आरोपियों ने विवाद के दौरान गाली-गलौज कर हाथ-मुक्के, लकड़ी के डंडे और चाकू से हमला किया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दीपांशु साहू को मृत घोषित कर दिया, जबकि विकास साहू का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी कर फनेश्वर नेताम (18), रितेश नेताम (22), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20) और नोहर यादव उर्फ काला (23), सभी निवासी रत्नाबांधा, को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे व अन्य सामान जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई कर चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।