सिर्री, चटौद और कुरूद स्टेशन होंगे लाभान्वित, अब कुरूद से धमतरी तक रेल पहुंचने का इंतजार
धमतरी, । रायपुर–कुरूद के बीच नई यात्री रेल सेवा शुरू होने से धमतरी जिले में ब्रॉडगेज रेल कनेक्टिविटी के विस्तार को नई गति मिली है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन से रायपुर–कुरूद एवं रावघाट–रायपुर यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अभनपुर–धमतरी गेज परिवर्तन परियोजना के तहत अभनपुर से कुरूद तक करीब 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन पूरा हो चुका है। इस रेलखंड में धमतरी जिले के सिर्री, चटौद और कुरूद स्टेशन शामिल हैं। यात्री सेवा शुरू होने से इन क्षेत्रों के लोगों को रायपुर सहित अन्य स्थानों तक आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
कुरूद में हुआ रेलगाड़ी का स्वागत
नई रेल सेवा के शुभारंभ पर कुरूद में विधायक अजय चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने रेलगाड़ी और यात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, नगर पालिका कुरूद अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर सहित गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
रायपुर–कुरूद रेल सेवा शुरू होने के बाद अब क्षेत्रवासियों की नजर कुरूद से धमतरी तक शेष रेल कार्य के पूर्ण होने पर है। यह कार्य पूरा होने के बाद रायपुर से धमतरी तक ब्रॉडगेज यात्री रेल सेवा का रास्ता साफ होगा। इससे जिले की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ व्यापार, रोजगार और आवागमन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
0 Comments