धमतरी,

 सेवा संकल्प अभियान के तहत मगरलोड विकासखंड के ग्राम पंचायत बोरसी में क्लस्टर स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बोरसी सहित आसपास की 11 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों से प्राप्त 47 आवेदनों में से 43 का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष चार आवेदनों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। 60 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, 55 हितग्राहियों को भू-स्वामित्व पट्टे, तीन को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा पांच हितग्राहियों को फसल बीमा की राशि प्रदान की गई। श्रम विभाग द्वारा छह श्रमिकों की ई-केवाईसी और तीन हितग्राहियों का नवीनीकरण किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाने पर जोर दिया। शिविर का आयोजन कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में किया गया।