धमतरी। ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत धमतरी पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को पकड़ा है। कोतवाली पुलिस को जोधापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान के पास कार में मादक पदार्थ बेचने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी।
मौके से आशुतोष उर्फ आशु, पिता मनसुखलाल तिवारी, निवासी आमातालाब, धमतरी को पकड़ा गया। तलाशी में उसके कब्जे से 1 ग्राम चिट्टा, हुंडई कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4.52 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 263/2026 के तहत धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई।