धमतरी,  सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले की सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में राज्य शासन ने महत्वपूर्ण स्वीकृति दी है। लोक निर्माण विभाग ने बजट वर्ष 2026-27 में शामिल राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी-सिहावा-बोराई मार्ग के धमतरी-नगरी हिस्से के 60.20 किलोमीटर मार्ग के मजबूतीकरण के लिए 62 करोड़ 85 लाख 82 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
मार्ग के सुदृढ़ीकरण से धमतरी, नगरी, सिहावा और बोराई सहित ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में आवागमन बेहतर और सुरक्षित होगा। इससे किसानों को कृषि उपज के परिवहन, स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने तथा व्यापारिक गतिविधियों में सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी सुगम होगी।
महापौर रामू रोहरा ने जताया आभार
महापौर नगर निगम धमतरी रामू रोहरा ने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव तथा राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मार्ग के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र में आवागमन के साथ कृषि, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वीकृति को जिले की सड़क अधोसंरचना के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। मार्ग के सुदृढ़ीकरण से धमतरी-नगरी-सिहावा-बोराई क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास गतिविधियों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।