कुरुद,। सेवा संकल्प अभियान के तहत पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विकासखंड स्तरीय ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विधायक चंद्राकर ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र केवल बच्चों की शिक्षा-दीक्षा का स्थान नहीं, बल्कि स्वस्थ, संस्कारवान और सशक्त भावी पीढ़ी के निर्माण की पहली पाठशाला हैं। बच्चों के प्रारंभिक विकास के साथ माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन और समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका है।
नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने कहा कि कुरुद क्षेत्र के 86 आंगनबाड़ी केन्द्रों में सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से बच्चों, महिलाओं और माताओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महिला सरपंचों, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष गितेश्वरी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति जैन, वीरेंद्र साहू, महेंद्र साहू श्याम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।