मेचका पुलिस की घेराबंदी में पकड़े गए आरोपी, ओडिशा के नवरंगपुर ले जाने की थी तैयारी
धमतरी, 30 सितंबर। जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच मेचका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल के रास्ते 32 गोवंश को हांककर ओडिशा ले जा रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मवेशियों को बिना पर्याप्त चारा-पानी दिए और क्रूरतापूर्वक हांकते हुए नवरंगपुर क्षेत्र की ओर ले जाया जा रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद मेचका पुलिस ने अरसी कन्हार-खालगढ़ मार्ग पर नहर से करीब 500 मीटर आगे जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस टीम ने तीन व्यक्तियों को बड़ी संख्या में मवेशियों को हांकते हुए पकड़ लिया। मौके पर पूछताछ और कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से कुल 32 गोवंश बरामद हुए, जिन्हें सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।पुलिस ने मामले में घनश्याम सेन (40), निवासी ग्राम जोबा, देवशरण (52), निवासी ग्राम केराबाहरा तथा ओंकार ठाकुर (32), निवासी ग्राम जोबा, जिला गरियाबंद को गिरफ्तार किया है। बरामद गोवंश में 13 गाय, 6 बछड़े, 12 छोटे बच्चे तथा एक बैल शामिल हैं। पुलिस ने सभी गोवंश की अनुमानित बाजार कीमत करीब 82 हजार रुपये बताई है।मामले में प्रार्थी की लिखित शिकायत और मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर थाना मेचका में अपराध क्रमांक 08/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(d) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया जारी है।पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर की गई। धमतरी पुलिस ने अवैध पशु तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
0 Comments