धमतरी, अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम कण्डेल में युवक की गला रेतकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए गांव के ही 18 वर्षीय युवक यावेन्द्र कुमार ध्रुव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक हत्या की वजह मृतक और आरोपी के बीच पूर्व विवाद एवं मामूली रंजिश थी। घटना 6 सितंबर की रात करीब 9 बजे की है। ग्राम कण्डेल निवासी 34 वर्षीय पारसमणी साहू, जो राजमिस्त्री का काम करता था, गांव के गौठान स्थित बरगद के पेड़ के पास मौजूद था। इसी दौरान आरोपी ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव होने से पारसमणी साहू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना प्रभारी निरीक्षक शरद ताम्रकार पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। मृतक के पिता भारत राम साहू की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर फॉरेंसिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए और प्रत्यक्षदर्शियों, परिजनों तथा संदेहियों से पूछताछ की। विवेचना के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस ने ग्राम कण्डेल निवासी यावेन्द्र कुमार ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने पारसमणी साहू की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू और अन्य सामान बरामद किया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अर्जुनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी, फॉरेंसिक एवं साक्ष्य आधारित विवेचना के जरिए हत्याकांड का खुलासा किया गया।