धमतरी, आगामी गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सिटी कोतवाली परिसर में गणेशोत्सव आयोजन समितियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, अतिरिक्त तहसीलदार, विद्युत विभाग के अधिकारी, सिटी कोतवाली पुलिस एवं शहर की करीब 20 गणेशोत्सव समितियों के पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में पुलिस-प्रशासन ने समितियों को 16 सूत्रीय सुरक्षा एवं व्यवस्था संबंधी निर्देश दिए। प्रतिमा स्थापना एवं विसर्जन निर्धारित मार्ग और समय-सीमा में करने, पंडालों में CCTV, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं रात्रि सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा प्रत्येक पंडाल में अग्निशामक यंत्र व रेत की बाल्टियां, वैध विद्युत कनेक्शन, ध्वनि व डीजे संबंधी नियमों का पालन तथा यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। पंडालों में नशे के सेवन और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर रोक के साथ साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
समितियों को अपने पदाधिकारियों एवं सक्रिय सदस्यों के नाम-मोबाइल नंबर संबंधित थाने में जमा कराने को भी कहा गया। बैठक में समितियों ने सभी नियमों का पालन करते हुए पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
— सिटी कोतवाली पुलिस, धमतरी
0 Comments