धमतरी  ग्राम नारी में मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने रेत से भरे एक ट्रैक्टर में आग लगा दी। इसके बाद ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। मारपीट में चालक के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव और आसपास के क्षेत्र में रेत से भरे वाहनों की लगातार आवाजाही हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार, तेज रफ्तार अथवा कथित लापरवाही से वाहन चलने के कारण क्षेत्र में हादसों की आशंका बनी रहती है। इसे लेकर ग्रामीणों में पहले से नाराजगी थी। मासूम की मौत के बाद यह नाराजगी खुलकर सामने आ गई।
घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रेत परिवहन करने वाले वाहनों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आगजनी और मारपीट की घटना में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारण और जिम्मेदारी का निर्धारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।