धमतरी,  ग्राम बनबगोद में जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग एवं माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और स्कूली बच्चों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज का संकल्प लिया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कला-संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि फुटहामुड़ा परियोजना से क्षेत्र के 23 गांवों की पानी की समस्या का स्थायी समाधान होगा। नरहरा जलप्रपात को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। कुकरेल-नरहरा मार्ग का कार्य जल्द पूरा करने तथा कुकरेल में आईटीआई शुरू करने की भी जानकारी दी।
नशामुक्ति अभियान में सक्रिय 30 महिलाओं को टोपी और सीटी देकर सम्मानित किया गया। दिव्यांग विद्यार्थियों एवं माय भारत के वॉलंटियर्स ने नशे के दुष्परिणामों पर नाटक प्रस्तुत कर जागरूकता संदेश दिया। अंत में कलेक्टर ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।