मगरलोड।
ग्राम खेरझिटी के करीब आठ-दस किसानों ने धान बिक्री की राशि अब तक नहीं मिलने की शिकायत करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर बकाया भुगतान दिलाने की मांग की है। किसानों का आरोप है कि उन्होंने लोकेश कुमार साहू के माध्यम से ग्राम परसवानी (मदरौद) निवासी चैतराम पिता फीरथराम साहू को धान दिया था। 16 से 22 मई 2026 के बीच दिए गए धान की राशि मिल से चैतराम साहू और लोकेश कुमार साहू को प्राप्त हो चुकी है, लेकिन किसानों को उनका भुगतान नहीं किया गया।
किसानों के अनुसार राशि मांगने पर उन्हें बार-बार आज-कल में भुगतान करने का आश्वासन दिया जाता रहा। मामले की शिकायत 5 जुलाई को मगरलोड थाना में की गई थी, जहां चैतराम साहू ने किसानों को पूरी राशि देने का आश्वासन दिया था। इसके बाद भी भुगतान नहीं होने पर किसानों ने 16 जुलाई को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। 24 जुलाई को भी भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन किसानों के अनुसार अब तक उन्हें राशि नहीं मिली है।
किसानों ने बताया कि वे संबंधित व्यक्ति के ससुराल जाकर भी भुगतान की मांग कर चुके हैं, लेकिन वहां भी उन्हें निराशा हाथ लगी। परेशान किसानों ने पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप कर उनकी धान बिक्री की बकाया राशि दिलाने की मांग की है।
आवेदन में लक्ष्मण साहू, प्रेमचंद साहू, दीपक साहू, चेतराम साहू, चैनसिंह, ठाकुरराम, ललित कश्यप, सेखुराम सहित अन्य किसानों के नाम शामिल हैं।

वहीं  अपर कलेक्टर ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है