धमतरी। ग्राम मथुराडीही में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्कूल प्रांगण, पंचायत भवन सहित प्रमुख स्थानों पर ध्वजारोहण किया गया। विद्यार्थियों ने प्रभातफेरी निकालकर देश के वीर सपूतों के बलिदान को याद किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। शिक्षण सत्र 2025-26 में कक्षा आठवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मयंक नेताम (87.83%), भोजराज कंवर (84.17%) और उमेश कुमार (78.17%) को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त मयंक नेताम को सरपंच वासंती नेताम ने 1000 रुपये व मोमेंटो, द्वितीय स्थान के भोजराज कंवर को युवा प्रभाग ने 500 रुपये व मोमेंटो तथा तृतीय स्थान के उमेश कुमार को ग्राम विकास समिति ने 300 रुपये व मोमेंटो प्रदान किया। मेधावी विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र भी दिए गए।
कार्यक्रम में युवा प्रभाग के मदन कंवर, गुलशन यादव, चंद्रहास ध्रुव, राहुल ध्रुव सहित ग्राम के प्रमुखजन, पंचगण एवं स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।