मगरलोड/बुडेनी। ग्राम पंचायत बुडेनी में देशभक्ति और उत्साह के वातावरण में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय ढंग से मनाया गया। ग्राम पंचायत भवन के समक्ष आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में सरपंच खेमू साहू द्वारा तिरंगा फहराया गया। इस अवसर पर उपसरपंच, पंचायत सचिव, पंचगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।कार्यक्रम में प्राथमिक, माध्यमिक तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालयों में ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों ने गांव की गलियों एवं चौक-चौराहों में भ्रमण कर वातावरण को देशभक्ति के नारों से ओतप्रोत कर दिया।इसके पश्चात पंचायत भवन परिसर में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां ध्वजारोहण के उपरांत सभी स्कूली बच्चों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का गायन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों का उत्साह सराहनीय रहा। इस आयोजन ने गांव में देशप्रेम, एकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश दिया।
0 Comments