मगरलोड। विकासखंड मगरलोड के भैंसमुंडी स्थित पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर विद्यालय प्रबंधन ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। विद्यालय में एक ओर चार अध्यापन कक्ष जर्जर स्थिति में हैं, जिनमें बारिश के दौरान पानी टपकने की समस्या बताई गई है, वहीं दूसरी ओर विषयवार शिक्षकों एवं कर्मचारियों की कमी भी सामने आई है।शाला विकास समिति की अध्यक्ष रेखा साहू ने 10 अगस्त को कलेक्टर धमतरी को दिए आवेदन में बताया है कि विद्यालय में अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम के करीब 700 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। वर्तमान में चार कक्ष जर्जर हो चुके हैं और उनमें पानी टपकता है। विद्यार्थियों की आवश्यकता को देखते हुए विद्यालय में 06 अतिरिक्त अध्यापन कक्ष तथा प्रथम तल पर नव निर्मित प्रयोगशाला के लिए बाउंड्रीवाल की मांग की गई है।वहीं दूसरी ओर विद्यालय में शिक्षकों एवं कर्मचारियों की कमी का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि इसके कारण बच्चों की पढ़ाई में दिक्कत हो रही है। आवेदन में बताया गया है कि अंग्रेजी माध्यम में व्याख्याता हिन्दी, व्याख्याता सामाजिक विज्ञान, शिक्षक गणित के एक-एक पद तथा तीन सहायक शिक्षक की आवश्यकता है।इसी तरह हिन्दी माध्यम में व्याख्याता हिन्दी, संस्कृत, गणित, राजनीति विज्ञान एवं वाणिज्य के एक-एक पद रिक्त बताए गए हैं। इसके अलावा विद्यालय में भृत्य के 4 पदों की भी आवश्यकता बताई गई है।विद्यालय प्रबंधन ने आवेदनों के माध्यम से विद्यार्थियों के हित में अतिरिक्त अध्यापन कक्ष, प्रयोगशाला के लिए बाउंड्रीवाल तथा आवश्यक शिक्षकों एवं कर्मचारियों की व्यवस्था शीघ्र कराने का अनुरोध कलेक्टर से किया है।अब सवाल यह है कि करीब 700 विद्यार्थियों वाले इस विद्यालय में जर्जर कक्षों और शिक्षकों की कमी की समस्या कब तक दूर होगी? जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन की नजर रहेगी।
0 Comments