मगरलोड। ग्राम बुडेनी में आयोजित एक दिवसीय विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य शिविर में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी पद्धति से 540 मरीजों का उपचार किया गया। शिविर का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
कार्यक्रम में पूर्व जनपद अध्यक्ष श्यामलाल साहू, सरपंच सोमू राम साहू, उपसरपंच वृंदा निषाद एवं सचिव छबिलाल निषाद सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर में आयुर्वेद पद्धति से 358 तथा होम्योपैथी से 182 मरीजों को उपचार एवं स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। वहीं 0 से 16 वर्ष तक के 223 बच्चों को स्वर्ण प्राशन ड्रॉप पिलाई गई। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव, उचित खान-पान, दिनचर्या और ऋतुचर्या के संबंध में जागरूक किया।
शिविर का आयोजन जिला आयुष अधिकारी डॉ. कृपा राम साहू के निर्देशन एवं शिविर प्रभारी डॉ. खिलेश साहू के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।