धमतरी,  छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन 'बिहान' के तहत स्टार्टअप विलेज एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम (एसवीईपी) अंतर्गत शनिवार को कुरूद रेस्ट हाउस में उद्यमिता सम्मेलन-2026 आयोजित हुआ। सम्मेलन में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों को स्वरोजगार और गैर-कृषि आधारित व्यवसायों के लिए प्रोत्साहित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि महिला उद्यमिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने महिलाओं से नवाचार, डिजिटल साक्षरता और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर बड़े लक्ष्य तय करने का आह्वान किया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि एसवीईपी के माध्यम से महिलाओं को व्यवसाय चयन, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और विपणन का सहयोग दिया जा रहा है।
सम्मेलन में चयनित हितग्राही रजिया बेगम, सुनीता, गंगा मनहर, ममता सिन्हा और लीला देवांगन को व्यवसाय विस्तार के लिए एक-एक लाख रुपये के स्वीकृति चेक प्रदान किए गए। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिला समूहों की सदस्य मौजूद रहीं।