कुरूद, । नारी महानदी पुल पर 22 जुलाई को हुई 27 वर्षीय नीरज साहू की हत्या के मामले में धमतरी पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार चावल व्यवसाय में प्रतिस्पर्धा और आपसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस ने बताया कि मृतक नीरज साहू निवासी कुंडेल का शव नारी महानदी पुल पर खून से लथपथ मिला था। गले और माथे पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर कुरूद, मगरलोड और साइबर टीम की संयुक्त टीम गठित कर सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही बिरेंद्र कुमार साहू (21), निवासी सांकरा, थाना मगरलोड को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतक का चावल कारोबार बेहतर चलने से वह उससे रंजिश रखता था। इसी कारण उसने नारी महानदी पुल पर सुनसान स्थान में कैंची और पाना से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कैंची और पाना बरामद कर जब्त किए गए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई विवेचना के आधार पर संभव हो सका।