धमतरी  विकासखंड मगरलोड के ग्राम पंचायत कमरौद में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है। पंचायत द्वारा कुछ लोगों को नोटिस जारी किए जाने के बाद प्रभावित ग्रामीणों ने निष्पक्ष एवं समान कार्रवाई की मांग करते हुए पंचायत को लिखित आवेदन सौंपा है।
पंचायत की ओर से थनवार राम साहू, ईश्वरी राम साहू और मन्नूलाल यादव सहित कुल पांच लोगों को शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण के संबंध में नोटिस जारी किया गया है। नोटिस मिलने के बाद तीनों ग्रामीणों ने पंचायत में आवेदन देकर कहा है कि गांव में कई अन्य लोग भी लंबे समय से शासकीय भूमि पर कब्जा किए हुए हैं, लेकिन कार्रवाई केवल चुनिंदा लोगों के विरुद्ध की जा रही है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती है तो पूरे गांव में एक समान रूप से की जाए, ताकि किसी के साथ भेदभाव की स्थिति उत्पन्न न हो।
इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि 24 जून 2026 को आयोजित ग्राम सभा में संबंधित कब्जों अथवा निर्माण को वैध घोषित करने संबंधी कोई प्रस्ताव पारित नहीं किया गया था। इसके बाद पंचायत की बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके आधार पर कुल पांच लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि वे प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा रखते हैं, जबकि पंचायत का कहना है कि नोटिस ग्राम सभा एवं पंचायत के निर्णय के अनुरूप जारी किए गए हैं।
अब इस पूरे मामले में आगे राजस्व एवं पंचायत प्रशासन क्या कदम उठाता है, इस पर ग्रामीणों की निगाहें टिकी हुई हैं। फिलहाल यह मामला गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।