धमतरी,  जिले की 122 ग्राम पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान लगभग 7 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम शेड बनाए जाएंगे। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार के दौरान धूप, बारिश और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों से लोगों को राहत देते हुए सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में स्वीकृत इस योजना के तहत धमतरी विकासखंड में 17, कुरूद में 5, मगरलोड में 38 तथा नगरी में 62 मुक्तिधाम शेड का निर्माण होगा।
जिला पंचायत के अनुसार सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण सामग्री से किए जाएंगे तथा समयबद्ध और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी निगरानी की व्यवस्था की गई है। योजना से मुक्तिधाम परिसरों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।