कुरूद, । ए.जे. इंग्लिश स्कूल की बस के चालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में कुरूद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और धारदार हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई की दोपहर स्कूल बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान सुनीलम सिनेमा के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने बस रोककर चालक से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद किया। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी दी और धारदार हथियार से हमला कर चालक को घायल कर दिया।
मामले में थाना कुरूद में बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहन साहू (21), निवासी मोंगरा, हाल अमृत विहार कॉलोनी, कुरूद को गिरफ्तार किया। घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
धमतरी पुलिस ने लोगों से विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करने की अपील करते हुए कहा है कि हिंसा और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।