धमतरी, कुरूद विकासखंड के ग्राम इर्रा में वन विभाग के तत्वावधान में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वन महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने पौधारोपण किया। जनप्रतिनिधियों, वन अमले और ग्रामीणों ने मिलकर नीम, बरगद, अर्जुन, जामुन, करंज, अमरूद, बेल व आंवला सहित करीब 2800 पौधे रोपे।
विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि मां के नाम लगाया गया प्रत्येक पौधा धरती माता और जन्म देने वाली मां के प्रति प्रेम, कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने पौधों को परिवार के सदस्य की तरह संरक्षण देने का आह्वान किया। साथ ही क्षेत्र में बरगद और पीपल का विशेष उद्यान विकसित करने की बात कही।
विश्व हाथी दिवस पर वन्यजीव संरक्षण का संदेश
विश्व हाथी दिवस के अवसर पर वनमंडलाधिकारी जाधव ने वन्यजीव एवं हाथी संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व और जनभागीदारी पर जोर दिया। कार्यक्रम में तिरंगा यात्रा भी निकाली गई, जिसमें विधायक सहित जनप्रतिनिधियों, वनकर्मियों और ग्रामीणों ने सहभागिता की।
वन विभाग ने बताया कि भखारा व बड़े करेली में ‘ऑपरेशन सिंदूर उद्यान’ विकसित किए जा चुके हैं। सेमरा और परखंदा में उद्यान निर्माण जारी है, जबकि कोडापार, बगदेही व चटोद में उद्यान निर्माण को स्वीकृति मिली है। जीजामगांव को इको-टूरिज्म स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य चल रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
0 Comments