धमतरी । स्वतंत्रता दिवस के पूर्व धमतरी में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। म्युनिसिपल स्कूल से सुबह 11 बजे शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गौशाला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में 1100 फीट से अधिक लंबे तिरंगे के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा, जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए।
यात्रा कोडुमल धर्मशाला, बजरंग चौक, शिव चौक, दुर्गा चौक बनियापारा, कचहरी चौक, गांधी चौक और गणेश चौक से होकर गुजरी। इस दौरान देशभक्ति नारों से शहर का वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा में महापौर रामू रोहरा, जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, ठाकुर शशि पवार, संयोजक चेतन हिन्दुजा एवं रोहिताश मिश्रा सहित पार्षद, एल्डरमेन, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और शहरवासी शामिल हुए।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता, गौरव, त्याग और एकता का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
0 Comments