कुरूद, । कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम नारी पुल के पास बुधवार सुबह एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नीरज साहू (निवासी कुंडेल-मेघा) के रूप में हुई है। वह सुबह अपने पिकअप वाहन से जा रहा था, तभी नारी पुल के पास अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। गले पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में एक से अधिक आरोपियों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही कुरूद थाना एवं करेली बड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।