धमतरी,कृषि क्षेत्र में तकनीक आधारित खेती को बढ़ावा देते हुए धमतरी प्रदेश का पहला जिला बन गया है, जहां प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) के माध्यम से किसानों को ड्रोन आधारित कृषि सेवाएं मिलेंगी। ग्राम लोहरसी में आयोजित कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने जिले की 10 समितियों में ड्रोन स्प्रेयर सुविधा का शुभारंभ किया और स्वयं ड्रोन उड़ाकर इसकी कार्यप्रणाली देखी।
कार्यक्रम में प्रशिक्षित ड्रोन पायलटों ने उर्वरक व कीटनाशकों के ड्रोन से छिड़काव का प्रदर्शन किया। इससे कम समय में अधिक क्षेत्र में सटीक छिड़काव, लागत व श्रम में कमी तथा सुरक्षित कृषि प्रबंधन के लाभ बताए गए।मंत्री ने कहा कि सरकार आधुनिक कृषि तकनीकों को गांवों तक पहुंचाने के लिए सहकारी समितियों को सशक्त बना रही है। ड्रोन तकनीक से किसानों की लागत घटेगी, उत्पादन बढ़ेगा और श्रमिकों की कमी की समस्या का समाधान मिलेगा।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि बोड़रा, लोहरसी, दोनर, अछोटा, खरेंगा, भोथीडीह, कुंडेल, गाड़ाडीह, जुगदेही और करेली की समितियों में यह सुविधा शुरू की गई है। किसान नाममात्र के सेवा शुल्क पर ड्रोन से छिड़काव करा सकेंगे।
कार्यक्रम में कृषि एवं कीटनाशक विक्रय केंद्र का शुभारंभ, "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण तथा किसान क्रेडिट कार्ड के हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। साथ ही समितियों को CSC के रूप में विकसित कर किसानों को डिजिटल और शासकीय सेवाएं भी उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
0 Comments