धमतरी। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने होटल, ढाबा, लॉज, धर्मशाला और किरायेदार सत्यापन अभियान को तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर आयोजित बैठक में पार्षदों, सरपंचों, कोटवारों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ वार्ड एवं ग्राम स्तर पर संदिग्ध व्यक्तियों, अवैध प्रवासियों और अपराधियों की निगरानी बढ़ाने की रणनीति तय की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय और नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी ने जनप्रतिनिधियों से नए एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने, मकान मालिकों से किरायेदार सत्यापन कराने तथा होटल-लॉज संचालकों को आगंतुकों का पहचान पत्र और रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से संधारित करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने राइस मिल, फैक्ट्री, पोल्ट्री फार्म और निर्माण कार्यों में कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने, संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध शराब, नशा, जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
धमतरी पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं अवैध गतिविधियों की सूचना के लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई होगी। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अभियान में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।