धमतरी, । पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने शनिवार को थाना मगरलोड एवं चौकी करेली बड़ी का निरीक्षण कर पुलिसिंग की गुणवत्ता, आधारभूत व्यवस्थाओं और तकनीकी संसाधनों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय, मालखाना, बैरक, शस्त्रागार, आगंतुक कक्ष, सीसीटीएनएस व्यवस्था तथा शासकीय आवासों की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
एसपी ने सीसीटीएनएस में समयबद्ध डाटा प्रविष्टि, अभिलेखों के नियमित अद्यतन और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर बल दिया। उन्होंने बीट व्यवस्था को सक्रिय रखने, नियमित गश्त, फरार आरोपियों व वारंटियों की गिरफ्तारी, शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विजुअल पुलिसिंग बढ़ाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा अनुशासन, पारदर्शिता, जनसुनवाई में संवेदनशीलता और टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, थाना प्रभारी प्रमोद अमलतास, चौकी प्रभारी राधेश्याम बंजारे सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।