धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने मंगलवार को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बढ़ते यातायात दबाव, पार्किंग और जाम की स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। यातायात प्रभारी को प्रमुख चौक-चौराहों पर नियमित मॉनिटरिंग, प्रभावी ड्यूटी और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के बाद एसपी ने सिटी कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीसीटीएनएस कार्य, अभिलेखों का संधारण, मालखाना, कार्यालयीन व्यवस्था और थाना परिसर की साफ-सफाई का अवलोकन कर अभिलेख अद्यतन रखने तथा कार्यालयीन कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील, विनम्र एवं पेशेवर व्यवहार करते हुए शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।