धमतरी, । प्रतिभा, मेहनत और नवाचार के दम पर धमतरी जिले की दो बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बनाते हुए पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के तहत जापान के प्रतिष्ठित सकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम में शामिल होकर वैज्ञानिक अध्ययन भ्रमण से लौटीं सुनैना साहू और समीक्षा साहू का सोमवार को जिला कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सम्मान किया। कलेक्टर ने दोनों छात्राओं की उपलब्धि को जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
देशभर से इस वर्ष सकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम के लिए केवल 56 विद्यार्थियों का चयन किया गया था। इनमें छत्तीसगढ़ से पांच छात्राओं को प्रतिनिधित्व का अवसर मिला, जबकि धमतरी जिले के हायर सेकेंडरी स्कूल कोसमर्रा की दो छात्राओं का चयन होना जिले के लिए विशेष उपलब्धि माना जा रहा है। यह सफलता न केवल छात्राओं की प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि ग्रामीण अंचल की बेटियों की वैज्ञानिक सोच और क्षमता को भी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाली उपलब्धि है।
दोनों छात्राओं की सफलता में उनके शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समीक्षा साहू ने शासकीय माध्यमिक शाला कोसमर्रा की शिक्षिका कविता सिन्हा के मार्गदर्शन में चयन की सभी प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक पूरी कीं, जबकि सुनैना साहू ने शासकीय माध्यमिक शाला देवरी के शिक्षक लक्ष्मीकांत साहू के निर्देशन में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा पार करते हुए जापान तक का सफर तय किया।
जापान प्रवास के दौरान छात्राओं ने टोक्यो विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, जापान की प्रतिष्ठित अंतरिक्ष एजेंसी स्पेस डोम जैक्सा (JAXA), विश्व प्रसिद्ध टीवी टावर, मैकाई हाई स्कूल तथा ऐतिहासिक आसाकुसा मंदिर सहित कई महत्वपूर्ण संस्थानों और स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आधुनिक विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान, तकनीकी नवाचार, शिक्षा प्रणाली तथा जापानी संस्कृति और सामाजिक व्यवस्था का अध्ययन कर अपने अनुभवों को समृद्ध बनाया।
जापान से लौटने पर जिले में दोनों छात्राओं का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में वैज्ञानिक भ्रमण के दौरान सहयोग देने वाले शिक्षक अनिल साहू एवं प्रीति शांडिल्य के योगदान की भी सराहना की गई।
समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी, डीपीओ खेमेंद्र साहू, सहायक संचालक देवेश सूर्यवंशी, यदुनंदन वर्मा, विद्यालय के प्राचार्य डोमन लाल साहू, शाला समिति के अध्यक्ष खोमेश्वर राव वाकड़े, निखिल साहू सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं की इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य में भी इसी तरह नई ऊंचाइयां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
0 Comments