धमतरी। कुरूद विकासखंड के ग्राम सेलदीप में शनिवार को शिक्षा जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि किसी भी समाज का भविष्य उसके बच्चों की शिक्षा पर निर्भर करता है। जब पूरा गांव विद्यालय के विकास की जिम्मेदारी निभाता है, तब सीमित संसाधनों में भी बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में किया गया निवेश भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नैतिक संस्कारों पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षा के क्षेत्र में जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा।
कलेक्टर ने बताया कि कुरूद क्षेत्र में नर्सिंग कॉलेज, आईटीआई, बीएड कॉलेज और पॉलिटेक्निक की स्थापना की दिशा में प्रयास जारी हैं। साथ ही अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की छात्रवृत्ति और श्रम विभाग की शिक्षा प्रोत्साहन योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल, सांस्कृतिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाएगा। कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय में चयनित विद्यार्थियों और विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले सहयोगकर्ताओं का सम्मान किया गया। इस दौरान प्रत्येक बच्चे को नियमित रूप से विद्यालय से जोड़ने और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।