धमतरी, भखारा पुलिस ने चाकू की नोक पर नगदी और ऑनलाइन रकम लूटने के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तूफान वाहन, चाकू, तीन मोबाइल फोन और लूटी गई राशि में से 30 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई की रात ग्राम दर्री-गुजरा मार्ग पर आरोपियों ने मनीष सोनवानी और उनके पिता के साथ मारपीट कर 50 हजार रुपये नगद तथा क्यूआर कोड के माध्यम से 28,500 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए थे। मामले में थाना भखारा में भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने नागेंद्र साहू (19), नीरज ध्रुवंशी (23) और विनय ध्रुवंशी (24) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
0 Comments