धमतरी, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए एग्रीस्टैक (फार्मर आईडी) पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पंजीयन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को 31 अक्टूबर 2026 तक शत-प्रतिशत पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि एग्रीस्टैक पंजीयन के बिना किसान समर्थन मूल्य पर धान नहीं बेच सकेंगे। उन्होंने कृषि, राजस्व, सहकारिता, खाद्य विभाग और बैंकिंग संस्थाओं को ग्राम पंचायतों, सहकारी समितियों एवं उपार्जन केंद्रों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
समीक्षा में 94 संस्थागत एवं ट्रस्ट पंजीयन में से केवल 23 संस्थाओं द्वारा जानकारी उपलब्ध कराने पर नाराजगी जताते हुए शेष 71 संस्थाओं का पंजीयन शीघ्र पूरा करने को कहा गया। साथ ही असर्वेक्षित ग्राम, वनग्राम, डूबान क्षेत्र, संयुक्त खाते एवं अन्य लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर जवाबदेही तय करने की चेतावनी भी दी गई।
0 Comments