धमतरी, थाना कुरूद क्षेत्र के ग्राम डाही में शराब सेवन के दौरान हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले का धमतरी पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 6 वयस्क एवं 2 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 जून की रात ग्राम डाही निवासी हुलास मंडावी (32) की शराब पीने के दौरान हुए विवाद में लकड़ी के लट्ठे एवं पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक  सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रातभर जांच कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का लट्ठा एवं बोल्डर पत्थर बरामद कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 197/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
धमतरी पुलिस ने आमजन से नशे से दूर रहने एवं किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।