धमतरी, 25 जुलाई।
जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अर्जुनी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 53 पेटी अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹2.23 लाख से अधिक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना पर ग्राम धौराभाठा में घेराबंदी कर खिलानंद साहू उर्फ गोलू साहू (33) एवं कमलेश साहू (32) को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 40 पेटी देशी प्लेन शराब, 5 पेटी देशी मसाला शराब तथा 8 पेटी जम्मू व्हिस्की सहित कुल 53 पेटी (2544 पौवा) यानी लगभग 458 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। साथ ही बरामद शराब की सप्लाई चेन, परिवहन, भंडारण और वितरण से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अभियान को आगे भी लगातार प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।
0 Comments