धमतरी,। जिले के 23,723 तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को वर्ष 2023 के प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) के रूप में 3 करोड़ 92 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 20 जुलाई तक 3 करोड़ 84 लाख रुपये ऑनलाइन सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में हस्तांतरित किए जा चुके हैं, जबकि शेष राशि का भुगतान प्रक्रिया में है।
वनमंडलाधिकारी एवं जिला लघु वनोपज सहकारी संघ के प्रबंध संचालक जाधव श्रीकृष्ण ने बताया कि जिले की 25 प्राथमिक लघु वनोपज समितियों के 212 फड़ों से जुड़े संग्राहक परिवारों को बोनस का लाभ मिल रहा है।
वर्ष 2026 में जिले को 26,800 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य मिला था, जिसके विरुद्ध 23,751 मानक बोरा (88.70 प्रतिशत) संग्रहित किया गया। इस कार्य में 26,550 संग्राहकों ने भाग लिया, जिन्हें 13.07 करोड़ रुपये से अधिक का पारिश्रमिक दिया जा चुका है।
संग्राहकों के लिए चरण पादुका वितरण, समूह बीमा, राजमोहिनी देवी सामाजिक सुरक्षा योजना, शिक्षा प्रोत्साहन योजना और वनधन विकास योजना का भी संचालन किया जा रहा है। शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत 347 विद्यार्थियों को 39.13 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई, जबकि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को करोड़ों रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है।
वनधन विकास योजना और पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समुदाय को स्वरोजगार से जोड़कर आय बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। राज्य सरकार की इन योजनाओं से वनाश्रित परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ उनकी आजीविका को भी स्थायी आधार मिल रहा है।
0 Comments