धमतरी,  खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न उर्वरक विक्रेताओं का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान हर्षिका कृषि केंद्र (कोलियारी), अंगारमोती कृषि केंद्र (अर्जुनी) एवं साहू कृषि केंद्र (बोरसी) में स्टॉक रिकॉर्ड, पीओएस मशीन एवं भौतिक स्टॉक में विसंगति, स्टॉक पंजी अद्यतन नहीं होना, किसानों को कैश मेमो जारी नहीं करना तथा निर्धारित विक्रय दर प्रदर्शित नहीं करने जैसी अनियमितताएं पाई गईं। तीनों केंद्रों में पंचनामा तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई।
वहीं पुरुषोत्तम कृषि केंद्र (खरेंगा), सम्बलपुर कृषि केंद्र एवं चंद्राकर कृषि केंद्र (कुहकूहा) का रिकॉर्ड एवं वितरण व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उर्वरकों के भंडारण, वितरण या विक्रय में किसी भी प्रकार की अनियमितता एवं कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। :::