धमतरी,। लिफ्ट मांगकर पहचान बनाने के बाद मोटरसाइकिल चोरी करने वाले शातिर आरोपी को धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान पेमन साहू (31) निवासी खपरी, थाना अर्जुनी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बालोद निवासी संजय मारकंडे की हीरो एचएफ डीलक्स बाइक (CG 24 P 9546) 8 मई की रात नेहरू गार्डन क्षेत्र से चोरी हो गई थी। मामले में सिटी कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आमातालाब रोड स्थित सेन समाज भवन के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर जप्त की गई।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।