धमतरी, । ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में मंगलवार से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो गई। पहले दिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति और गतिविधियों से सामान्य शैक्षणिक माहौल देखने को मिला।
विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों एवं सहपाठियों से मुलाकात की तथा प्रार्थना सभा में शामिल हुए। प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने गिनती, वर्णमाला और पहाड़ों का अभ्यास किया। वहीं पहली बार विद्यालय पहुंचे बच्चों को शिक्षकों द्वारा विद्यालयीन वातावरण से परिचित कराया गया।
माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अवकाश के दौरान किए गए विभिन्न कार्यों और अनुभवों को साझा किया। कई विद्यार्थियों ने समर कैंप, खेल गतिविधियों और अध्ययन से जुड़ी जानकारी अपने साथियों के साथ साझा की।
नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का विद्यालयों में स्वागत किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और स्वच्छता के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। पहले दिन कक्षाओं में पाठ्यक्रम, समय-सारिणी तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
नए शैक्षणिक सत्र के आरंभ के साथ जिले के विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां पुनः शुरू हो गई हैं।