धमतरी, थाना नगरी क्षेत्र में मछली व्यापारी विप्लव मंडल की हत्या एवं लूट के सनसनीखेज मामले का धमतरी पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मजदूरी बढ़ाने को लेकर विवाद तथा मृतक द्वारा कथित अपमानजनक व्यवहार से नाराज आरोपियों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत 27 जून को गोरेगांव-भैंसमुड़ा मार्ग के जंगल में घात लगाकर लकड़ी के डंडों एवं धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद नगदी व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
एसपी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना एवं वैज्ञानिक विवेचना के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹37,800 नगद, छह मोबाइल फोन, तीन डंडे, दो चाकू, दो मोटरसाइकिल सहित घटना में प्रयुक्त अन्य सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में टंकेश्वर नेताम (19), सुरेंद्र यादव (26) एवं जगदीश विश्वकर्मा (50), सभी निवासी ग्राम बोईरगांव, थाना मैनपुर, जिला गरियाबंद शामिल हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
0 Comments