धमतरी  जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन नगर निगम सभागार में हुआ। 9 मई से 8 जून तक चले इस शिविर में जिले के 36 प्रशिक्षण केंद्रों पर कुल 1160 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं का विशेषज्ञ प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन समारोह में विधायक ओंकार साहू, विधायक अम्बिका मरकाम, महापौर रामू रोहरा एवं कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए खेलों को व्यक्तित्व विकास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
शिविर में रग्बी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, योग, शतरंज, बैडमिंटन, ताइक्वांडो सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण राष्ट्रीय एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा दिया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर भारतीय सेना के लिए चयनित जिले के 63 अग्निवीर जवानों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि गत वर्ष के समर कैंप में प्रशिक्षित 118 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित हुए थे।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की उपस्थिति रही।