धमतरी पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशील और जनसेवा के प्रति समर्पित पुलिसिंग का परिचय देते हुए तीन दिनों से घर से भटकी हुई मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को उसके परिजनों से मिलाकर मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे प्रभावी पेट्रोलिंग अभियान के दौरान थाना अर्जुनी पुलिस को ग्राम अमेठी क्षेत्र में एक महिला संदिग्ध अवस्था में भटकती हुई मिली। पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक रामसिंह साहू एवं आरक्षक संजय ठाकुर ने महिला से धैर्यपूर्वक पूछताछ की।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम दशोदा बाई नेताम, पति खिलावन नेताम, निवासी ग्राम टेकापाल, जिला बालोद बताया। महिला की मानसिक स्थिति अस्वस्थ प्रतीत होने पर पुलिस टीम ने मानवीय संवेदनशीलता के साथ लगातार संवाद स्थापित कर आवश्यक जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि महिला पिछले तीन दिनों से अपने घर से निकलकर इधर-उधर भटक रही थी।
काफी प्रयास और समझाइश के बाद महिला ने अपने भाई हेम कुमार नेताम के पलारी में निवासरत होने की जानकारी दी। अर्जुनी पुलिस ने तत्काल संपर्क स्थापित कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही महिला के भाई एवं भतीजे थाना पहुंचे। पहचान एवं आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
अपनी परिजन को सुरक्षित वापस पाकर परिवारजनों ने अर्जुनी पुलिस, सहायक उप निरीक्षक रामसिंह साहू, आरक्षक संजय ठाकुर एवं धमतरी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह सराहनीय कार्यवाही धमतरी पुलिस की संवेदनशील, जनोन्मुखी एवं मानवता के प्रति प्रतिबद्ध कार्यशैली को दर्शाती है। पुलिस अधीक्षक  सूरज सिंह परिहार ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखते हुए जरूरतमंद व्यक्तियों की हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए हैं।