धमतरी मगरलोड। खरीफ सीजन एवं धान फसल की तैयारी को लेकर जनपद पंचायत सभा कक्ष मगरलोड में विकासखंड स्तरीय उर्वरक विक्रेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी कृषि श्री मनोज सागर ने की। बैठक में विकासखंड के समस्त उर्वरक विक्रेताओं को खाद वितरण एवं विक्रय संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को उर्वरकों का वितरण पूर्ण पारदर्शिता, शासन के नियमानुसार तथा फसलवार अनुशंसा के आधार पर ही किया जाए। विशेष रूप से धान फसल हेतु इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा अनुशंसित उर्वरक मात्रा की जानकारी विक्रेताओं को विस्तारपूर्वक दी गई।
बैठक में बताया गया कि भूमि की उर्वरता एवं किसानों की वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही यूरिया, डीएपी, सिंगल सुपर फास्फेट, म्यूरेट ऑफ पोटाश तथा एनपीके उर्वरकों का विक्रय निर्धारित मात्रा में किया जाए। साथ ही नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि कृषकों को उनकी फसल एवं रकबा के अनुरूप ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए तथा अनावश्यक भंडारण, कालाबाजारी एवं अधिक मात्रा में विक्रय जैसी गतिविधियों पर पूर्णतः रोक लगाई जाए। सभी विक्रेताओं को वितरण रजिस्टर का सही संधारण करने एवं प्रतिदिन अद्यतन जानकारी दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
अनुविभागीय अधिकारी कृषि श्री मनोज सागर ने कहा कि शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराना सभी विक्रेताओं की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के.एस. नरेटी, कृषि विकास अधिकारी संतोष राठिया, भागीरथी राठिया, मनुलाल पैकरा, आरईएओ रश्मि सूर्यवंशी, एटीएम संतोष बघेल, खिलेश साहू सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं विकासखंड के उर्वरक विक्रेता उपस्थित रहे।
0 Comments