धमतरी
जिले के युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। छात्र दिगंत राठी एवं हिमांशु जैन का चयन प्रतिष्ठित Google India Student Ambassador Program में हुआ है, वहीं यश राजक और योगिता का चयन प्रसिद्ध डिजिटल क्रिएटर मनोज डे की Internship Program के लिए हुआ है।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सभी युवाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद धमतरी के युवाओं ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और आत्मविश्वास के दम पर बड़ी सफलता हासिल की है। यह उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
कलेक्टर ने कहा कि डिजिटल मीडिया, कंटेंट क्रिएशन और तकनीकी क्षेत्र में युवाओं के लिए असीम संभावनाएं हैं। इन छात्रों की सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संस्थान की मोहताज नहीं होती।
इस दौरान छात्रों ने चयन प्रक्रिया और अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि निरंतर अभ्यास, नई तकनीकों को सीखने की लगन और सकारात्मक सोच ने उन्हें यह सफलता दिलाई।
जिलेभर में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है तथा लोगों ने इसे धमतरी के युवाओं के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण बताया है।