धमतरी। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार धमतरी जिले में 18 मई से 25 मई 2026 तक संचालित विशेष अभियान “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” (जनजातीय गरिमा उत्सव 2026) का सफलतापूर्वक समापन हो गया। अभियान की समाप्ति के बाद जिला कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सभी जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर आगामी कार्ययोजना को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि इस 8 दिवसीय विशेष अभियान के माध्यम से जिले के सुदूर वनांचलों एवं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाया गया। उन्होंने अभियान के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम छोर के व्यक्ति तक विकास की मुख्यधारा पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अभियान के तहत प्रधानमंत्री जनजातीय न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) अंतर्गत चिन्हित धमतरी, नगरी, कुरूद एवं मगरलोड विकासखंडों के 121 ग्रामों की 133 बसाहटों तथा ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के 108 ग्रामों में विशेष गतिविधियां संचालित की गईं।
‘आदि सेवा केंद्रों’ में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर त्वरित निराकरण किया गया। साथ ही हितग्राही संवाद, फील्ड निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मोबाईल मेडिकल यूनिट एवं स्वास्थ्य टीमों के माध्यम से सुदूर क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए, जिनमें सिकल सेल जांच, टीबी स्क्रीनिंग एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। इन शिविरों से हजारों ग्रामीण लाभान्वित हुए।
0 Comments